0

आमिर के प्रति नाराजगी की उम्मीद नहीं : इमरान

कराची, 20 जून : पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान को उम्मीद नहीं है कि बायें हाथ के दागी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को इंग्लैंड में आगामी श्रृंखला के दौरान नाराजगी का सामना करना पडेगा. इमरान ने एक टाक शो के दौरान कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि उसे प्रेस या लोगों की नाराजगी का सामना करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में रहने के दौरान मैंने देखा कि उसे लेकर काफी सहानुभूति है क्योंकि जब स्पाट फिक्सिंग प्रकरण सामने आया तो वह सिर्फ 18 या 19 साल का था और बाद में उसने अपनी गलती भी स्वीकार की और सभी से माफी मांगी.”

इमरान ने कहा, ‘‘आमिर के लिए आम तौर पर सहानुभूति है और मेरा अनुभव कहता है कि उसे इंग्लैंड में प्रेस और लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी और इससे उसे आगामी श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी.” क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान ने कहा कि 2010 प्रकरण में शामिल रहे लोगों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और आगे बढ गए हैं. उन्होंने कहा कि यह आशंका बेकार है कि आमिर और पाकिस्तान को इंग्लैंड में समस्या का सामना करना पड सकता है.

Tags: आमिर के प्रति नाराजगी की उम्मीद नहीं : इमरान

We will be happy to hear your thoughts

      Leave a reply